डॉ. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत जसरा में शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम सम्पन्न
बाबा साहेब के विचार सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत - विधायक डॉ. वाचस्पति
प्रयागराज। बृहस्पतिवार को बारा विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड जसरा परिसर में डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत आयोजित शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम में बारा विधायक डॉ. वाचस्पति मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में उन्होंने पूजन कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. वाचस्पति ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का जीवन संघर्ष, उनके विचार तथा समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के प्रति उनका योगदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। बाबा साहेब ने समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों को अधिकार, सम्मान और समान अवसर दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा कि डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के माध्यम से प्रतिमा स्थलों का विकास एवं सौंदर्यीकरण कर महापुरुषों के सम्मान को बढ़ाने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। बारा विधानसभा में विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक समरसता, महापुरुषों के सम्मान और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जसरा अजीत सिंह, डिप्टी कमिश्नर गुलाब चन्द, खंड विकास अधिकारी जसरा नवनीत तिवारी, भाजपा जसरा मंडल अध्यक्ष जगत शुक्ला तथा विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार निषाद सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक डॉ. वाचस्पति ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बारा विधानसभा को विकास, सामाजिक सद्भाव और सम्मान की भावना के साथ आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।