प्रतापगढ़
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने प्रतापगढ़ पहुंचकर आयोजक सौरभ पांडेय के यहां आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने देश की राजनीतिक स्थिति और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों में सुरक्षित है। मोदी के नेतृत्व में शहरी विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। सरकार ने गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 करोड़ 28 लाख मकानों का निर्माण कराया गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। 200 सीटों से घटकर 26 सीटों पर पहुंचना उसकी राजनीतिक गिरावट को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस को डूबती हुई नाव बताते हुए कहा कि इसमें सवार होने वाला भी डूब जाएगा।