नागौर । जिला कलक्टर एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की 34वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।


जिला कलक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-458 (लाम्बोलाई-डेगाना-सांजू-खाटू मार्ग), राष्ट्रीय राजमार्ग-62 (नागौर-बीकानेर मार्ग) एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (सालासर-नागौर-अजमेर मार्ग) पर चिह्नित 40 दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।


बैठक में SaveLIFE Foundation द्वारा विकसित मार्गदर्शक (Margdarshak) प्लेटफॉर्म के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों, दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैकस्पॉट की पहचान और वहां आवश्यक सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध सुधार कार्य करवाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों की सड़क सीमा और नियंत्रण क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा की। साथ ही हेलमेट एवं सीट बेल्ट नहीं लगाने, तेज गति से वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा ओवरलोडिंग के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम राहत योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को योजना के तहत समय पर उपचार एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने तथा आमजन को योजना के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
इसी प्रकार जिला हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स के कार्यों की समीक्षा करते हुए राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर समयबद्ध सुधार करवाने तथा जनजागरूकता गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि में कमी लाई जा सके।