प्रतापगढ़
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने सराय मतुई नमक शायर गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ इन्युमरेशन) के प्रति जागरूक किया तथा इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से कहा कि जनगणना देश के विकास एवं भविष्य की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वगणना के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा जनगणना के दौरान गांव में पहुंचने वाले प्रगणकों को परिवार एवं सदस्यों से संबंधित सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ मिलने तथा उनके क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सराय मतुई नमक शायर गांव स्थित महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की कर्मस्थली का निरीक्षण किया तथा स्थल की स्थिति का जायजा लिया।