पट्टी, प्रतापगढ़। पट्टी के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध मेले का आज उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही मेले की रौनक और बढ़ गई। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं रामलीला समिति के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम रामलीला समिति के अध्यक्ष जुग्गीलाल जायसवाल एवं प्रबंधक सुरेश जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों में उपजिलाधिकारी सुनील कुमार एवं पट्टी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

वहीं जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों में पट्टी नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक जायसवाल, पट्टी मंडल अध्यक्ष रमेश चंद सोनी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजू सिंह, गिरीश जायसवाल, अवधेश सिंह, बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री प्रमोद सिंह, लोकेश सिंह एवं सुरेश सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में रामलीला समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे। मेले के आयोजन को लेकर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, मनोरंजन के साधन एवं आकर्षक आयोजन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

पट्टी का यह ऐतिहासिक मेला सैकड़ो वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक पहचान का प्रतीक रहा है। यह मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि आपसी भाईचारे, परंपरा और सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है।