नागौर : रियांबड़ी के निकटवर्ती ग्राम जाटावास में गुरुवार शाम करीब 7 बजे राष्ट्रीय पक्षी मोर पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद चेनाराम कासनिया ने साहस का परिचय देते हुए दौड़कर कुत्तों को भगाया और घायल मोर को सुरक्षित बचा लिया।
घटना के तुरंत बाद चेनाराम कासनिया ने निराश्रित गोवंश व वन्य जीव सेवा मित्र रूपाराम गोदारा को दूरभाष पर सूचना दी। सूचना मिलते ही रूपाराम गोदारा मौके पर पहुंचे और घायल मोर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राथमिक देखभाल के लिए अपने घर ले गए। इसके साथ ही गांव में कार्यरत वनपाल श्रीमती संतोष देवी को भी घटना की तत्काल जानकारी दी गई।
वन विभाग की आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद घायल मोर को बेहतर उपचार, देखभाल एवं संरक्षण के लिए उपचार केंद्र मेड़ता सिटी भेजा गया, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उसका उपचार किया जाएगा।
रूपाराम गोदारा ने बताया कि संकट में फंसे पशु-पक्षियों एवं वन्यजीवों की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी कोई घायल या संकटग्रस्त वन्यजीव दिखाई दे तो उसे स्वयं पकड़ने या उपचार करने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग अथवा वन्यजीव सेवा से जुड़े लोगों को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका सुरक्षित रेस्क्यू और समुचित उपचार कराया जा सके।
इस दौरान वन्य जीव सेवा मित्र रूपाराम गोदारा, चैनाराम कासनिया,वनमित्र जीतेन्द्र सहित अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे।