प्रतापगढ़। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा बालिकाओं एवं बालकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा 21 अक्टूबर से 21 दिसम्बर 2026 तक संचालित 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान’ के अंतर्गत जनपद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा श्री राम बालिका इंटर कॉलेज चिलबिला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों, इससे बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों तथा उनके अधिकारों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा बाल अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना तथा समाज में बाल विवाह मुक्त वातावरण तैयार करने के लिए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी अभय शुक्ला, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर स्नेहा ओझा सहित जया यादव, बीनम विश्वकर्मा, अभयराज यादव, रीना यादव, माधुरी मौर्य एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।