प्रतापगढ़। जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और शिक्षा-साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ के तीन प्रमुख समाजसेवियों डॉ. दयाराम मौर्य 'रत्न', रोशनलाल उमरवैश्य एवं आनन्द मोहन ओझा की सराहना करते हुए उन्हें प्रशंसा पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित यह पत्र विशेष कार्यवाहक के माध्यम से उपलब्ध कराया गया। इसमें तीनों के सामाजिक कार्यों, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा समाज के अंतिम व्यक्ति की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के प्रयासों की प्रशंसा की गई है।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज की वास्तविक शक्ति उन नागरिकों से बढ़ती है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज के हित में कार्य करते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु होते हैं। वे लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उनका परिश्रम, संवेदनशीलता और समाज के प्रति समर्पण जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि समाजसेवियों की सेवा भावना और जनसरोकार विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की यात्रा को और मजबूत करेंगे। सभी के सामूहिक प्रयासों से ऐसा प्रदेश बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर प्राप्त हो।प्रशंसा पत्र मिलने पर डॉ. दयाराम मौर्य 'रत्न' ने कहा कि समाजसेवा किसी पद, प्रतिष्ठा अथवा सम्मान की अपेक्षा से नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और नैतिक दायित्व की भावना से की जानी चाहिए। रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उनके प्रयासों की सराहना प्रेरणादायक है। इसे वह व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय समाज के प्रति जिम्मेदारियों को और निष्ठा से निभाने की प्रेरणा मानते हैं।आनन्द मोहन ओझा ने कहा कि उनका प्रयास सदैव वंचितों, जरूरतमंदों और उपेक्षित लोगों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं शासन-प्रशासन तक पहुंचाना रहेगा। साथ ही समाज में मानवता, नैतिकता और पारस्परिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।मुख्यमंत्री की इस सराहना पर अशोक कुमार शर्मा, रामप्रकाश तिवारी, राजीव कुमार आर्य, देवानंद, छेदीलाल, संतोष कुमार, पूनम गुप्ता, प्राचार्य बीना श्रीवास्तव, डॉ. शाहिदा खान, सुरेश शुक्ला, कुञ्ज बिहारी लाल मौर्य 'काकाश्री', अनिल कुमार 'निलय', सुरेश कुमार पाल, सरदार रिंकू सिंह, रोहित कुमार एवं कुसुमलता श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तीनों समाजसेवियों को बधाई दी।