कादीपुर, सुल्तानपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज कादीपुर स्थित सिद्धार्थ शिक्षा निकेतन विद्यालय की ओर से भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ समस्त विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
रैली विद्यालय परिसर से निकलकर पटेल चौक पहुंची, जहां विद्यालय परिवार के सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा परिसर "सरदार पटेल अमर रहें" के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से छात्र-छात्राओं, विद्यालय के सदस्यों एवं आम जनमानस के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। अल्पाहार वितरण का कार्यक्रम दोपहर से शुरू होकर शाम 3 बजे तक चलता रहा।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यालय परिवार ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को याद करते हुए समाज में एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।