नई दिल्ली: एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने शनिवार को देश के 29वें वायु सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह का स्थान लिया, जो 42 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए। पदभार ग्रहण करने से पहले श्री दीक्षित उप वायु सेना प्रमुख के पद पर कार्यरत थे।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एयर चीफ मार्शल दीक्षित नेशनल डिफेंस एकेडमी के पूर्व छात्र हैं। उन्हें वर्ष 1986 में भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। चार दशकों के अपने सैन्य करियर में उन्होंने ऑपरेशंस, फ्लाइट टेस्टिंग, क्षमता विकास और जॉइंट स्टाफ असाइनमेंट्स जैसे अहम क्षेत्रों में व्यापक अनुभव अर्जित किया है।

मंत्रालय ने बताया कि जगुआर और मिग-27 अपग्रेड परियोजनाओं को अंतिम रूप देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा, एलसीए एमके-I तेजस के लिए प्रारंभिक परिचालन मंजूरी (आईओसी) और अंतिम परिचालन मंजूरी (एफओसी) की प्रक्रियाओं को पूरा कराने में भी उनका अहम योगदान रहा।

ऑपरेशनल कमांड के मोर्चे पर उन्होंने मिराज-2000 स्क्वाड्रन, पश्चिमी सेक्टर में एक 'फॉरवर्ड बेस सपोर्ट यूनिट' और वायु सेना के प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस 'एयर फोर्स स्टेशन बीदर' की कमान संभाली है।