रामपुर: समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को ईडी ने रामपुर जेल से रिहा होते ही गिरफ्तार कर लिया। बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जैसे ही आजम जेल से बाहर निकले, ईडी ने उन्हें कस्टडी में ले लिया।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार को दो पैनकार्ड मामले में आजम और अब्दुल्ला की जमानत अर्जी मंजूर की थी। इसके बाद दोनों की ओर से एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट और मजिस्ट्रेट कोर्ट में अलग-अलग मामलों में जमानतदार पेश किए गए। अदालत ने इनके सत्यापन के आदेश पुलिस और राजस्व प्रशासन को दिए थे।

शुक्रवार को ही रिहाई की उम्मीद थी। एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट ने आजम खान के विचाराधीन पांच मुकदमों में रिहाई परवाने जारी कर दिए थे, लेकिन मजिस्ट्रेट कोर्ट से परवाने जारी नहीं हो सके, जिससे रिहाई टल गई। शनिवार को पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों जेल से रिहा हुए।

हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद से ही समर्थकों में खुशी की लहर थी और स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई थीं। लेकिन दोपहर का जश्न शाम होते-होते मायूसी में बदल गया।