**एसआईआर के विरोध में भाकपा (माले) न्यू डेमोक्रेसी ने दिया धरना**

**3.4 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने का लगाया आरोप, मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग**

**बारा।** भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) न्यू डेमोक्रेसी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बारा तहसील परिसर में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध में धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बारा अर्पित कुमार को सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में असंवैधानिक तरीके से बदलाव किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में करीब 3.4 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने और संबंधित मतदाताओं को इसकी जानकारी तक नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई गई।

कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने, एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने तथा हटाए गए मतदाताओं की सूची और नई मतदाता सूची गांव-गांव में चस्पा कराने की मांग की। उनका कहना था कि एसआईआर रद्द किए बिना निष्पक्ष चुनाव का कोई औचित्य नहीं है। मताधिकार की गारंटी करना सरकार और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।

वहीं, उपजिलाधिकारी बारा अर्पित कुमार ने बताया कि मतदाता सूची बीएलओ के पास उपलब्ध है और पंचायत भवनों में भी चस्पा की गई है। लोग वहां जाकर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। हालांकि, हटाए गए मतदाताओं की अलग सूची सार्वजनिक रूप से चस्पा कराने की मांग पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।