खेत से घर लौट रही महिला के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप

प्रयागराज कौंधियारा क्षेत्र के गौरा गांव में खेत से घर लौट रही एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव की कुछ महिलाओं पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कौंधियारा थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गौरा गांव निवासी ननकू बिंद के अनुसार, 12 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी बहन रंजना बिंद खेत से चारा लेकर घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में कहासुनी के बाद गांव की कुछ महिलाओं ने रंजना के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लात-घूंसों और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इससे उसे चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में ननकू बिंद ने थाना कौंधियारा में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।