नदी में घड़ियाल दिखने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत

,प्रयागराज। शुक्रवार को कौंधियारा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास नदी में घड़ियाल दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। नदी में घड़ियाल देखे जाने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को देकर घड़ियाल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक, नदी में घड़ियाल दिखाई देने के बाद लोग सतर्क हो गए हैं। नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका सता रही है। लोगों ने बच्चों और पशुओं को नदी के किनारे जाने से रोकना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और घड़ियाल की निगरानी कराने की मांग की है।