संवाददाता – विपिन चौरसिया
सर्कल अपडेट, कादीपुर (सुल्तानपुर)
शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित गायत्री नवकुंडीय महायज्ञ एवं श्रीमद् प्रज्ञा पुराण कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं को धर्म, आध्यात्मिकता, सद्बुद्धि और सत्कर्म के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
कथा के दौरान मुख्य यजमान ने अपने संबोधन में बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार में आज भी वर्ष 1926 में प्रज्वलित हुई तप से प्रकाशित अखंड दीपक की ज्योति निरंतर प्रज्वलित है। परम पूज्य गुरुदेव का संदेश था कि जहां-जहां गायत्री मंत्र पहुंचेगा, वहां के घर-परिवार पर कलियुग के नकारात्मक प्रभाव का असर नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि वेदव्यास जी ने भी कलियुग के प्रभाव का वर्णन करते हुए कहा है कि इस युग में मनुष्य पर बुराइयों का प्रभाव अधिक पड़ता है। ऐसे समय में यदि हमारे सत्कर्म अच्छे हों और विचार सकारात्मक हों, तो बड़ी से बड़ी परेशानियों से भी सहजता से बाहर निकला जा सकता है।
कथा व्यास ने मनुष्य जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 84 लाख योनियों में भटकने के बाद मनुष्य जीवन प्राप्त होता है, इसलिए इस अनमोल जीवन को व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अच्छे कर्म, सेवा और सदाचार को अपनाना चाहिए।
उन्होंने राम और रावण के प्रसंग के माध्यम से समझाया कि मनुष्य के भीतर ही सद्बुद्धि रूपी राम और दुर्बुद्धि रूपी रावण का वास होता है। दुर्बुद्धि को दूर कर सद्बुद्धि जागृत करने के लिए गायत्री मंत्र का जाप अत्यंत आवश्यक है। गायत्री मंत्र मनुष्य के विचारों को शुद्ध करने और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम है।
आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 8 बजे नवकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु आहुति देकर परिवार, समाज और विश्व कल्याण की कामना कर रहे हैं।
इस अवसर पर कथा व्यास द्वारा मंच पर आमंत्रित कर सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने वाले गणमान्य लोगों का पट्टिका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. हृदयराम जी, दात्या राम जी, विश्वनाथ बरनवाल, बृजेश उपाध्याय, अरविंद तिवारी, बृजेश बहादुर सिंह, दिनेश सिंह, उमेंद्र सिंह, उत्कर्ष मोदनवाल, संतोष मिश्रा, सूर्यप्रकाश ओझा, सुनील पांडेय, अजय सिंह, बजरंगी सिंह, ललित कसौधन, दुर्गेश सोनी एवं संतोष पांडेय सहित अन्य सामाजिक बंधु शामिल रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरा वातावरण गायत्री मंत्र के उच्चारण, यज्ञ की आहुतियों और आध्यात्मिक ऊर्जा से भक्तिमय बना रहा।