जारी मंडी समिति में सुहागिन महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य छठ पूजा पर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से की

पूजा-अर्चना, सुधीर साहू उर्फ बउआ के नेतृत्व में हुआ आयोजन; छठी मइया के जयकारों से गूंजा परिसर

रिपोर्ट ,रोहन केसरवानी,
प्रयागराज। जारी कस्बे में रविवार को लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जारी मंडी समिति परिसर में बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। सुहागिन महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की। छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। छठ पूजा को लेकर सुबह से ही मंडी समिति परिसर में तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से सजे सूप और दउरा के साथ पूजा स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शाम होते ही महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा स्थल पर एकत्र हुईं। सूर्यास्त के समय व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मइया से परिवार की मंगलकामना की।
इस धार्मिक आयोजन का नेतृत्व जारी बाजार निवासी सुधीर साहू उर्फ बउआ ने किया। उनके नेतृत्व में मंडी समिति परिसर में पूजा की समुचित व्यवस्था की गई। आयोजन में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक गीत गाकर अपनी आस्था प्रकट की। गौरतलब है कि छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाता है। इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना का विशेष महत्व है। यह पर्व स्वच्छता, संयम, श्रद्धा और लोक आस्था का प्रतीक माना जाता है।