पुलिस अधीक्षक महोबा श्री शशांक सिंह के निर्देशन में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात जागरूकता माह नवम्बर-2026 के अंतर्गत निरंतर जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 15.11.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक महोबा श्रीमती वंदना सिंह व क्षेत्राधिकारी यातायात/नगर श्री रविकांत गोंड के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं अन्य स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 241 वाहनों के किए गए चालान*
वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत नियमानुसार कार्यवाही करते हुए कुल 241 वाहनों के चालान किए गए। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन संचालन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के संबंध में निर्देशित किया गया।
लोडर वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर टेप
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं विशेषकर रात्रि के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस टीम द्वारा लोडर वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। वाहन चालकों को बताया गया कि रिफ्लेक्टर टेप के प्रयोग से कम रोशनी एवं रात्रि के समय पीछे से आने वाले वाहन चालकों को वाहन की स्थिति एवं दूरी का अनुमान लगाने में सहायता मिलती है, जिससे संभावित सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिल सकती है।
वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक
चेकिंग एवं जागरूकता अभियान के दौरान वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा अपने वाहनों के आवश्यक अभिलेख पूर्ण रखने के संबंध में जागरूक किया गया।
साथ ही वाहन चालकों को समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्यवाही से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
महोबा पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता माह नवम्बर-2026 के अंतर्गत जनपद में वाहन चेकिंग, रिफ्लेक्टर टेप लगाने एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का अभियान निरंतर जारी है।