भाजपा ने विश्व गुरु के जगह भारत को बेरोजगारों का देश बनाया - स्वामी प्रसाद मौर्य
बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय महासम्मेलन को संबोधित कर बोले अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
प्रयागराज। रविवार को बिरसा मुंडा जयंती समारोह एवं जनजातीय महासम्मेलन का आयोजन विधानसभा कोरांव के सुहास बिसरी गांव में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ने देश को विश्व गुरु बनाने का जो वादा किया था, उस पर तो खरा नहीं उतर पाई, लेकिन भारत को बेरोजगारों का देश बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी और योगी देश को बेचने का काम कर रहे हैं। रेल बिक रही है, हवाई अड्डे बिक रहे हैं, बंदरगाह बिक रहे हैं और हमारी आपकी आंखों में धूल झोंककर देश को पुनः गुलामी की ओर ले जा रहे हैं।उन्होंने बिरसा मुंडा की शहादत को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना बलिदान इसलिए नहीं दिया था कि देश फिर से गुलाम होगा। उन्होंने उलगुलान आंदोलन छेड़कर देश से अंग्रेजों को भगाने का काम किया था। उन्होंने उपस्थित जन समूह से बिरसा मुंडा के विचारों को अपनाकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का आह्वान किया। स्वामी प्रसाद मौर्य ने 11 दिसंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में अपनी जनता पार्टी के नेतृत्व में होने वाली विशाल रैली में लोगों से पहुंचने का आह्वान किया और कहा कि यूपी बचाओ, भाजपा हटाओ अभियान के तर्ज पर रैली के माध्यम से रणनीति भी तैयार की जाएगी। कार्यक्रम को प्रमुख रूप से अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विशिष्ट अतिथि विद्रोही धनपति मौर्य, प्रदेश महासचिव श्री राम मौर्य समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में लोक गायक सुनील लहरी की टीम ने गीतों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम आयोजक संयोजक पवन कुशवाहा एवं श्याम सिंह पटेल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका सुशीला देवी ने आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सूर्यमणि कुशवाहा, अखिलेश कुशवाहा, उपेंद्र कुशवाहा, राजन कोल, संगम लाल कुशवाहा, पारस नाथ कुशवाहा, अनूपा आदिवासी, अशोक कुशवाहा, अजय कुशवाहा, रविंद्र जैसल जाटव समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग तथा अपनी जनता पार्टी के कई जिलों के जिलाध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व हजारों की संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।