**नैनी, प्रयागराज।**
नैनी थाना क्षेत्र के गंगोत्री नगर में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैनी थाना क्षेत्र के धनुआ गांव निवासी 35 वर्षीय विकास जायसवाल पुत्र राजेंद्र जायसवाल रविवार को अपनी स्कूटी से गंगोत्री नगर से खान चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे विकास गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाका ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।