बारा के विकास के लिए जनता का सहयोग हमेशा याद रखूंगा - विधायक डॉ. वाचस्पति
सुरवल चंदेल में अपना दल (एस) के बैनर तले आयोजित विशाल जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों को विधायक ने किया संबोधित
प्रयागराज। विधानसभा बारा के विकासखंड शंकरगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सुरवल चंदेल (नारीबारी) में अपना दल (एस) के बैनर तले एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बारा विधायक डॉ. वाचस्पति का कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान हजारों की संख्या में जुटे लोगों को विधायक ने संबोधित किया।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. वाचस्पति ने कहा कि बारा की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें विधानसभा तक पहुंचाया है, उस एहसान को वह जीवनभर नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि बारा विधानसभा में यदि विकास के कार्य हुए हैं तो उसमें क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भरपूर सहयोग एवं योगदान रहा है। जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जगन्नाथ आदिवासी ने की, जबकि संचालन समाजसेवी शमीम अहमद समन्दर ने किया। जनसभा में अपना दल (एस) के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, किसान-मजदूरों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
विशाल जनसभा में उमड़ी भीड़ ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।