कादीपुर, सुल्तानपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा कादीपुर नगर में बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुल्तानपुर रोड स्थित गुड़िया तालाब और शाहगंज रोड पर विद्युत विभाग के पीछे स्थित तालाब पर छठ पूजा का आयोजन किया गया, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
छठ महापर्व के अवसर पर व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना की। शाम के समय अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना करते हुए व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। छठी मैया के जयकारों से दोनों तालाबों के घाट गूंज उठे।
इस बार सुल्तानपुर रोड स्थित गुड़िया तालाब पर पहली बार छठ पूजा का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि छठ महापर्व के अवसर पर गुड़िया तालाब और आसपास के पूरे क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। तालाब के किनारे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट और बैठने की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे व्रती महिलाओं और उनके परिजनों को काफी सहूलियत मिली।
गुड़िया तालाब को आकर्षक रूप देने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का श्रेय नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल को जाता है। उनके प्रयासों से इस बार गुड़िया तालाब पर छठ पूजा का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक बृजेश जी, जिला संघचालक हृदयराम जी, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल, ललित कसौधन, विनोद सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर, कादीपुर के दोनों तालाबों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ पूरा क्षेत्र छठी मैया की भक्ति में सराबोर नजर आया। अब श्रद्धालुओं को कल सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने का इंतजार है।
सर्कल अपडेट के साथ
**संवाददाता: विपिन चौरसिया, कादीपुर।**