मेरठ शुक्रवार थाना लालकुर्ती पुलिस ने थोक में कपड़ा दिलाने के नाम पर व्यापारी से 1,20,000 रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई पूरी नकद धनराशि बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 19 नवंबर 2026 को वादी मेनपाल पुत्र बृजपाल ने थाना लालकुर्ती में लिखित तहरीर दी थी कि चार व्यक्तियों ने थोक में कपड़ा दिलाने का झांसा देकर उनसे 1,20,000 रुपये हड़प लिए। तहरीर के आधार पर थाना लालकुर्ती में मु0अ0सं0 210/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। 19 नवंबर 2026 को बुचड़ी रोड स्थित सरकारी नलकूप के पास से अभियुक्त सुभाष कश्यप उर्फ सुभाष त्यागी (पुत्र रमेश, उम्र करीब 55 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। वह मूल रूप से ग्राम मवी मीरा, थाना दौराला का निवासी है और वर्तमान में नई कॉलोनी, थाना पल्लवपुरम, जनपद मेरठ में रह रहा था।
आरोपी के कब्जे से ठगी की गई 1,20,000 रुपये की शत-प्रतिशत नकद धनराशि बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आपराधिक इतिहास:
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मु0अ0सं0 119/25, धारा 13 जी एक्ट (थाना मीरापुर, जनपद मुजफ्फरनगर) पंजीकृत है। इसके अलावा मु0अ0सं0 210/26, धारा 318(4)/317(2) बीएनएस (थाना लालकुर्ती, मेरठ) दर्ज है।
गिरफ्तार करने वाली टीम:
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय कुमार के साथ उ0नि0 रंजीत शर्मा, उ0नि0 निमाई पण्डित, उ0नि0 राजकुमार सरोज और हे0कां0 योगेश कुमार शामिल रहे।