एसपी ग्रामीण, एडीएम प्रशासन, सीओ मवाना और एसडीएम मवाना ने किया निरीक्षण, ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी के दिए निर्देश

हस्तिनापुर (मेरठ)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 20 नवंबर 2026 को थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के मखदूमपुर गंगा घाट पर आयोजित गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और

व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और मुख्य स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मेरठ, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन),

क्षेत्राधिकारी मवाना, उपजिलाधिकारी मवाना तथा मेला प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों, प्रवेश एवं निकास मार्गों और श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


अधिकारियों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पार्किंग स्थलों का उचित प्रबंधन करने तथा प्रवेश और निकास मार्गों पर भीड़ की स्थिति को नियंत्रित रखने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, जिससे मेला क्षेत्र में व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के गंगा स्नान कर सकें।