प्रयागराज में विश्व धरोहर सप्ताह: छायाचित्र-अभिलेख प्रदर्शनी और प्रतियोगिताओं का आयोजन
प्रयागराज। विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फाफामऊ में प्रदर्शनी और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रधानाचार्या डॉ. सरिता वर्मा, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी प्रयागराज और क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी प्रयागराज ने संयुक्त रूप से किया।
छायाचित्र प्रदर्शनी में महत्वपूर्ण पुरातात्विक अवशेष प्रदर्शित किए गए। इनमें मातृदेवी की प्राचीनतम प्रतीक, शैलचित्र, लहरादेवा, मल्हर, हुलासखेड़ा, कौशांबी, कुशीनगर, जाजमऊ और कानपुर के उत्खनित अवशेष शामिल रहे। साथ ही ईंटों से निर्मित मंदिर, कर्दमेश्वर महादेव, सारनाथ मंदिर, गुरुधाम मंदिर, चुनार दुर्ग, कुसुमवन सरोवर, गोवर्धन की छतरियां और राजा मांडा का राज महल भी प्रदर्शित किए गए।
अभिलेख प्रदर्शनी में काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े दस्तावेज तथा वीर शहीदों से संबंधित दस्तावेज और चित्र प्रदर्शित किए गए। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर "हमारी विरासत हमारा गौरव" विषय पर चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। चित्रकला में कुमारी चांदनी प्रथम, पारुल मौर्य द्वितीय और काजल तृतीय रहीं। वैष्णवी केशरवानी और वैष्णवी उन्नति केसरवानी को सांत्वना पुरस्कार मिला। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुल 20 बच्चों को विजेता घोषित किया गया।