प्रेमजाल में फंसाकर इंटर की छात्रा की हत्या का आरोप, बहन का देवर और उसका दोस्त नामजद


24 दिन बाद पुराने टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में मिला छात्रा का क्षत-विक्षत शव, पिता की तहरीर पर अपहरण, हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज

,प्रयागराज। स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली इंटर की छात्रा की गुमशुदगी का मामला 24 दिन बाद हत्या के आरोप में बदल गया। नैनी क्षेत्र में नए पुल के समीप बंद पड़े पुराने टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में छात्रा का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। बैग में मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे पिता ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। उन्होंने अपनी बड़ी बेटी के देवर पर प्रेमजाल में फंसाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसके दोस्त को भी नामजद किया है। पुलिस ने दो नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कौंधियारा थाना क्षेत्र के हड़हा (जारी) निवासी नानबाबू बिंद की 19 वर्षीय बेटी रोशनी बिंद तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। वह क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, 26 अक्टूबर को रोशनी स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने 28 अक्टूबर को कौंधियारा थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
गुरुवार को नैनी क्षेत्र में नए पुल के समीप बंद पड़े पुराने टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में एक युवती का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की हालत बेहद खराब थी। गर्दन और दोनों हाथ गायब थे, जबकि चेहरे को भी जानवरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। शरीर के आंतरिक अंग भी गल चुके थे। शव के पास मिले बैग और उसमें रखे कागजात के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। सूचना पर पहुंचे पिता और अन्य परिजनों ने शव की पहचान रोशनी के रूप में की।
पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपनी बड़ी बेटी के देवर अजय कुमार निवासी सरहरा, कौंधियारा और उसके दोस्त पवन यादव को नामजद किया है। आरोप है कि अजय ने रोशनी को प्रेमजाल में फंसा लिया था। इसी विवाद के चलते उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पिता ने मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपहरण, हत्या और साक्ष्य मिटाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं शव काफी पुराना होने के कारण पोस्टमार्टम के दौरान मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। चिकित्सकों ने विस्तृत जांच के लिए विसरा और वेजाइनल स्वाब सुरक्षित रखा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार छात्रा की मौत दो से तीन सप्ताह पहले हुई होगी। अब फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।