रियांबड़ी (नागौर)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) शाखा रियांबड़ी की ओर से शुक्रवार को अंबेडकर भवन, रियांबड़ी में जनकल्याण एवं सुरक्षा महाशिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में बैंक ग्राहकों ने भाग लेकर विभिन्न बैंकिंग सेवाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाया।

सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी ने बताया कि महाशिविर के दौरान ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने और सरकारी सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। शिविर में सीएसपी केवाईसी के 11, योनो केवाईसी के 7, व्हाट्सएप बैंकिंग के 18, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) के 11, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के 5 तथा अटल पेंशन योजना (APY) के 1 खाताधारक को लाभान्वित किया गया।

महाशिविर का निरीक्षण एफआई मैनेजर आरबीओ अजमेर दीप शिखा, जिला समन्वयक जिया टाक तथा एसबीआई शाखा प्रबंधक रियांबड़ी अशोक स्वामी ने किया। अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए बैंकिंग सेवाओं के अधिक से अधिक विस्तार एवं योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्राहकों से डिजिटल बैंकिंग अपनाने तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़कर भविष्य को सुरक्षित बनाने का भी आह्वान किया।

शिविर के सफल संचालन में बैंक मित्र घनश्याम माली, युगल किशोर सैनी, अनिल सैनी, दिनेश गहलोत एवं मनीष सैनी ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने उपस्थित ग्राहकों की केवाईसी प्रक्रिया, डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी देकर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं।

शाखा प्रबंधन ने बताया कि ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह जनकल्याण एवं सुरक्षा महाशिविर शनिवार को भी अनवरत जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक खाताधारक बैंकिंग सेवाओं और केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।