डीडीसी ने रामपुर पंचायत में ग्रामीण हाट का किया निरीक्षण, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पिपरा (सुपौल): विभागीय निर्देश के आलोक में गुरुवार को सुपौल के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) इंद्रवीर कुमार ने जीरो ऑफिस डे ऐप के माध्यम से पिपरा प्रखंड की रामपुर पंचायत में वीबी जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन ग्रामीण हाट एवं पौधारोपण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता और क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने पंचायत में संचालित विकास कार्यों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
ग्रामीणों से पेंशन, राशन, आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ और समस्याओं के बारे में पूछताछ की। डीडीसी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण को महत्वपूर्ण बताया। निरीक्षण का उद्देश्य पंचायत में संचालित विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।