रिपोर्ट: शीलेन्द्र पाल सिंह

अलीगढ़। स्मार्ट सिटी के दावों के बीच वार्ड नंबर-41 स्थित ब्रज विहार कॉलोनी (कयामपुर बाईपास रोड, ग्रीन पार्क अपार्टमेंट्स व पेट्रोल पंप के पास) के नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, लक्ष्य हॉस्पिटल के दाहिनी ओर की गली पक्की कर दी गई है, जबकि बाईं ओर की गली और उससे जुड़ी दो अन्य गलियां कच्ची हैं। उखड़े खड़ंजे और गहरे गड्ढों से आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं।
जल निकासी व्यवस्था ठप होने से सामान्य दिनों में घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है और बारिश में घुटनों तक भर जाता है। कीचड़ और जलभराव से डेंगू-मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद नगर निगम और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने सुध नहीं ली है। राकेश कुमार, बबलू शर्मा, बंटी शर्मा, डोरीलाल, अनिल कुमार व विनीत कुमार समेत अन्य नागरिकों ने नगर निगम से जल्द पक्की सड़क और नाली निर्माण की मांग की है।