लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को गोमती नदी के किनारे स्थित आचार्य नरेंद्र देव की समाधि पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

"उच्च कोटि के शिक्षक थे आचार्य नरेंद्र देव"

आचार्य नरेंद्र देव को याद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वे उच्च कोटि के शिक्षक थे, जिन्होंने समाजवादी आंदोलन को नया रूप देकर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आचार्य जी का मानना था कि शांतिपूर्ण क्रांति ही समाज को सही दिशा दे सकती है।

भाजपा पर "गैंग" का आरोप

भाजपा पर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने उसे नकारात्मक सोच वाली पार्टी और दरारवादियों का गुट बताया। उन्होंने कहा, "वह राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक गैंग है।" सरदार पटेल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके योगदान को इसलिए भी याद किया जाता है, क्योंकि उन्होंने सांप्रदायिक ताकत माने जाने वाले आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था।

"बहुत देर कर दी मेहरबां आते-आते"

शायराना अंदाज में तंज कसते हुए अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता ने इस बार भाजपा का सफाया करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा, "ये लोग यूपी से हटेंगे, तो देश से भी हटेंगे।"

स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल

सरकारी अस्पतालों की स्थिति को लेकर सरकार को घेरते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के बीते 10 वर्षों में 500 से अधिक निजी नर्सिंग होम और अस्पताल पंजीकृत हुए हैं। उनका आरोप है कि सरकार जानबूझकर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था को कमजोर कर रही है।

कानून-व्यवस्था पर गृह मंत्री से सवाल

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि गृह मंत्री को यह देखना चाहिए कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अन्याय क्यों हो रहा है, सबसे ज्यादा हत्याएं क्यों हो रही हैं और दलित समाज के लोग सबसे ज्यादा पीड़ित क्यों हैं।