एक साल से गांव में नहीं पहुंचे सफाईकर्मी, गंदगी से ग्रामीण परेशान

नालियों में जमा मलबे से फैल रही दुर्गंध, तीन बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सफाई; बीमारियों का बढ़ा खतरा

प्रयागराज जसरा विकासखंड के गड़ैया कला गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई है। गांव में तैनात सफाईकर्मियों के नियमित रूप से नहीं पहुंचने के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सड़क किनारे बनी नालियां मलबे से पट गई हैं। नालियों में पानी जमा होने और गंदगी सड़ने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से गांव में सफाईकर्मी एक दिन भी सफाई करने नहीं पहुंचे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले ग्राम प्रधान की मौत हो जाने के बाद से गांव की सफाई व्यवस्था और भी बदहाल हो गई है। ग्राम सभा में नियुक्त सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी होने के बावजूद वे गांव में सफाई करने नहीं आते। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। गांव की सड़कों के किनारे बनी नालियों में मलबा और कचरा जमा होने से नालियों का पानी बाहर निकलकर सड़क पर फैल रहा है। कई स्थानों पर गंदा पानी जमा होने से आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और दुर्गंध से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। आसपास के लोगों को संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा सता रहा है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर भी परिवार चिंतित हैं। गांव में स्वच्छता अभियान की हकीकत सफाई व्यवस्था की बदहाली से उजागर हो रही है।
सबसे गंभीर बात यह है कि ग्रामीण इस समस्या को लेकर जसरा खंड विकास अधिकारी से तीन बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतों के बावजूद सफाईकर्मियों की तैनाती और नियमित सफाई सुनिश्चित नहीं कराई जा सकी है। इससे ग्रामीणों में संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।ग्रामीण राम मनोहर, शिवकुमार, रामकुमार, घनश्याम आदिवासी, बाबादीन और श्याम बिहारी ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद गांव में सफाईकर्मी नहीं पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए और जिम्मेदार सफाईकर्मियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि गांव को गंदगी और दुर्गंध से निजात मिल सके।