जारी रजबाह में फैली गंदगी और मरी मछलियों से उठ रही दुर्गंध, लोग परेशान

नहर में जगह-जगह जमा है कूड़ा-कचरा, नालियों का गंदा पानी गिरने से बढ़ी समस्या


,प्रयागराज। कौंधियारा क्षेत्र के जारी बाजार स्थित रजबाह में फैली गंदगी और मछलियों के मरने से उठ रही दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रजबाह में जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा होने के साथ ही नालियों का गंदा पानी भी गिराया जा रहा है। इससे नहर का पानी प्रदूषित हो रहा है और आसपास के वातावरण में दुर्गंध फैल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रजबाह में लंबे समय से गंदगी जमा हो रही है। पानी में मछलियों के मरने से दुर्गंध और अधिक बढ़ गई है। इसके चलते आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को वहां से गुजरने में भी दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि नहर में गंदे पानी और कचरे का लगातार गिरना समस्या को गंभीर बना रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से रजबाह की साफ-सफाई कराने, नालियों का पानी गिरने पर रोक लगाने और मृत मछलियों को हटवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या और बढ़ सकती है।