मेरठ: थाना मवाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोचकर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
यह है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को थाना मवाना क्षेत्र के ग्राम सठला निवासी एक महिला ने थाने पर लिखित तहरीर दी थी। आरोप था कि ग्राम सठला निवासी शेर खान पुत्र सलीम ने उनकी 21 वर्षीय पुत्री को शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने शादी से इंकार करते हुए शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को थाना मवाना में मुकदमा संख्या 371/26, धारा 69 और 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशानुसार अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी मवाना के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष देवेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में मवाना पुलिस टीम ने कार्रवाई की। आज (12 नवंबर 2026) मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने वांछित अभियुक्त शेर खान पुत्र सलीम (निवासी ग्राम सठला, थाना मवाना, मेरठ, उम्र करीब 26 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
थानाध्यक्ष देवेन्द्र मिश्रा (थाना मवाना, मेरठ)
उ0नि0 अनुज कुमार मिश्र (थाना मवाना, मेरठ)
हे0कां0 अनिल कुमार (थाना मवाना, मेरठ)
मवाना में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धमकी देने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार