रीवा राजमार्ग-30 पर नहर पुलिया के पास गहरे गड्ढे, हादसे का खतरा


एक माह पहले हुई थी मरम्मत, बारिश और भारी वाहनों के आवागमन से फिर उखड़ी सड़क

,प्रयागराज। राष्ट्रीय रीवा राजमार्ग-30 पर जारी कस्बे के नहर पुलिया चौराहे के पास सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गहरे गड्ढों के कारण कई बार वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। चौराहे पर लोगों की आवाजाही अधिक होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब एक माह पहले एनएचएआई के कर्मचारियों ने मार्ग की मरम्मत कराई थी। हालांकि, लगातार हो रही बारिश और भारी वाहनों के आवागमन के चलते सड़क फिर से जर्जर हो गई। लोगों का आरोप है कि मरम्मत ठीक ढंग से नहीं होने के कारण कुछ ही दिनों में सड़क पर दोबारा गड्ढे बन गए। स्थानीय ग्रामीण संत लाल, राजकुमार, , जितेंद्र केसरवानी,, शिवा केसरवानी, अंशुल , सुनील, सतीश , सूरज और अर्पित समेत अन्य लोगों ने बताया कि नहर पुलिया चौराहे पर सड़क की हालत खराब होने से वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ता है। खासकर दोपहिया वाहन सवारों के लिए गड्ढों से निकलना जोखिम भरा है। चौराहे पर लोगों की भीड़ और वाहनों के लगातार आवागमन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके और हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।