अधूरी स्ट्रीट लाइट से हाईवे पर बढ़ा हादसे का खतरा

जारी बाजार में सौ से अधिक लाइटें लगीं, कई बंद; अंधेरे में वाहन चालकों और गोवंश पर मंडरा रहा खतरा

, प्रयागराज। राष्ट्रीय रीवा राजमार्ग पर जारी कस्बे में लगी स्ट्रीट लाइटों के पूरी तरह न जलने से रात में हादसे का खतरा बढ़ गया है। जारी बाजार में सौ से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, लेकिन कई लाइटें बंद होने से हाईवे के कई हिस्सों में अंधेरा रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में हाईवे पर गोवंश के बैठे रहने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। अंधेरे के कारण कई बार वाहन गोवंश से टकरा जाते हैं, जिससे गोवंश के घायल होने की घटनाएं सामने आती हैं। वहीं, अंधेरे में बाइक सवारों के भी गिरकर चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के लिए कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक सभी लाइटें चालू नहीं हो सकी हैं। लोगों ने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि रात में हाईवे पर आवागमन सुरक्षित हो सके।