मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ आगमन (14 नवंबर 2026) से पूर्व स्थानीय प्रशासन ने भारतीय किसान यूनियन (धन सिंह कोतवाल) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील धाम को उनके आवास पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर लिया है। सुनील धाम के अनुसार, प्रशासन ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे से ही उन्हें घर में रोक दिया।
सुनील धाम ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका संगठन मुख्यमंत्री के मेरठ दौरे के दौरान उन्हें एक ज्ञापन सौंपना चाहता था। इस ज्ञापन में मुख्य रूप से 1857 की क्रांति के जननायक अमर शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर को 'भारत रत्न' से सम्मानित करने और क्षेत्र के किसानों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग शामिल थी।
नजरबंद किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए किसान नेता सुनील धाम ने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई से किसानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन हर परिस्थिति में किसानों के हितों और अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।