प्रतापगढ़। बाल दिवस के अवसर पर यातायात माह के अंतर्गत यातायात पुलिस प्रतापगढ़ द्वारा नेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह और यातायात प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार यादव ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित आवागमन के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।कार्यक्रम के दौरान सीओ यातायात ने बच्चों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की जानकारी दी। साथ ही यातायात संकेतों को समझने और सड़क पर निर्धारित नियमों का पालन करने के महत्व को भी विस्तार से बताया।उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता, परिवारजनों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।क्षेत्राधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानून का पालन करना नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के अनमोल जीवन की रक्षा करना है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।यातायात पुलिस प्रतापगढ़ की इस पहल से स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।