कांग्रेस की बैठक में पहुंचे सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
गौहानी तिराहे पर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, युवाओं को रोजगार और बंद उद्योगों को फिर से चालू कराने का किया वादा
,
प्रयागराज । बारा विधानसभा क्षेत्र के गौहानी तिराहे पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें इलाहाबाद के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने शामिल होकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और संगठन की मजबूती को लेकर संवाद किया। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक सिंह पटेल ने की, जबकि आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी यमुनापार के राम प्रवेश पासी की ओर से किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजक राम प्रवेश पासी ने सांसद उज्ज्वल रमण सिंह को पुष्प भेंटकर स्वागत किया। बैठक में संगठन के विस्तार, जनसमस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। राम प्रवेश पासी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आम जनता से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए आवाज उठाएंगे। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा कि वह हमेशा ग्रामीणों और आम जनता के साथ खड़े रहेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता भी जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। बेरोजगारी युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार और नौकरी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही बंद पड़े उद्योगों को दोबारा चालू कराने का प्रयास होगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके और क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति मिले। सांसद ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर जनता के बीच पहुंचें और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच सक्रिय रहकर ही संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है। बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अपने विचार रखे। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक सिंह पटेल, आयोजक राम प्रवेश पासी सहित बारा विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस की बैठक में पहुंचे सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, कार्यकर्ताओं में भरा जोशगौहानी तिराहे पर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, युवाओं को रोजगार और बंद उद्योगों को फिर से चालू कराने का किया वादा