अमेठी पुलिस लाइन में पहली बार हुआ वामा खेलोत्सव, बच्चों ने दिखाया दमखम

अमेठी। बाल दिवस पर रिजर्व पुलिस लाइन अमेठी में पहली बार वामा खेलोत्सव का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. की मौजूदगी में यशोदा मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सात खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

25 और 40 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़, मेढ़क दौड़, नींबू-चम्मच दौड़, सुई-धागा दौड़ और जलेबी दौड़ में बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को एसपी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस दौरान एसपी सरवणन टी. ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जीवन में महत्वपूर्ण हैं। बच्चों को अपनी रुचि के क्षेत्र में मेहनत और लगन से आगे बढ़ना चाहिए। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करना रहा।