नागौर : जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने शनिवार को नागौर लिफ्ट पेयजल नहर परियोजना के तहत नोखा दैया प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंदिरा गांधी नहर से पानी की आवक व्यवस्था, गजनेर लिफ्ट नहर के पंपिंग स्टेशन संख्या-5 तथा परियोजना से संबंधित विभिन्न जल संग्रहण एवं शोधन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
*पेयजल भंडारण एवं फिल्टर प्लांट का किया निरीक्षण*
जिला कलेक्टर ने नोखा दैया स्थित परिसर में प्रथम एवं द्वितीय चरण के पेयजल आपूर्ति जलाशयों, पानी के भंडारण के लिए निर्मित डिग्गी, फिल्टर प्लांट तथा पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने जल संग्रहण एवं शोधन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से परियोजना की कार्यप्रणाली और वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी ली।
*148 एमएलडी क्षमता विस्तार के कार्यों की समीक्षा*
जिला कलेक्टर ने नागौर लिफ्ट नहर परियोजना के प्रथम चरण की क्षमता 74 एमएलडी से बढ़ाकर 148 एमएलडी करने के लिए प्रगतिरत योजना के कार्यों का मौका निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की वर्तमान प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कार्यकारी फर्म एवं संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा फिल्टर प्लांट को शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, परियोजना वृत्त नागौर के अधीक्षण अभियंता पी एस तंवर, अधिशाषी अभियंता मोहन लाल कड़ेला एवं देवी लाल बाना साथ रहे।