प्रतापगढ़। कुंडा क्षेत्र के बेंती में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ द्वारा आयोजित बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भव्य धार्मिक कथा को लेकर प्रतापगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कथा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैश्य के साथ कथा स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने कथा स्थल से लेकर श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित सुरक्षा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए हैलीपैड का भी निरीक्षण किया और उसकी सुरक्षा सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

एसपी दीपक भूकर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और वाहनों की पार्किंग के लिए पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया द्वारा आयोजित बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की इस भव्य कथा को लेकर प्रतापगढ़ पुलिस पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। एसपी दीपक भूकर स्वयं सुरक्षा तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, जिससे देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में कथा का श्रवण कर सकें।