मेरठ। मवाना भारतीय किसान यूनियन (धनसिंह कोतवाल) के मेरठ जिलाध्यक्ष गौरव गुर्जर को मवाना आवास पर प्रशासन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपने जाने से एक दिन पहले ही रात को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। गौरव गुर्जर के अनुसार, प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शनिवार को एसडीएम मवाना ने स्वयं उनके आवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन प्राप्त किया और उनकी सभी मांगों को शासन तक पहुंचाने व उन पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में किसानों की आर्थिक स्थिति और 1857 की क्रांति के नायक अमर शहीद धनसिंह कोतवाल के सम्मान से जुड़ी तीन प्रमुख मांगें उठाई गई हैं:
गन्ना मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल हो: डीजल, खाद, बीज और मजदूरी की बढ़ती लागत को देखते हुए उत्तर प्रदेश में गन्ने का लाभकारी मूल्य कम से कम ₹600 प्रति क्विंटल घोषित किया जाए, ताकि कर्ज में डूब रहे किसानों को राहत मिल सके।
जयंती पर सार्वजनिक अवकाश: 1857 की क्रांति के प्रथम नायक अमर शहीद धनसिंह कोतवाल जी की जयंती पर पूरे उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए, जिससे युवा पीढ़ी उनके सर्वोच्च बलिदान से प्रेरणा ले सके।
शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल हो इतिहास: मेरठ से 1857 की क्रांति का बिगुल बजाने वाले धनसिंह कोतवाल जी के जीवन, संघर्ष और बलिदान के इतिहास को प्रदेश के प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक के पाठ्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
जिलाध्यक्ष गौरव गुर्जर ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार द्वारा इन जनहित और किसान हित से जुड़ी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।