अमेठी में डीएम-एसपी का सख्त रुख, शिकायतों में देरी पर कार्रवाई के निर्देश

मौके पर जांच कर निपटाएं भूमि विवाद, फरियादियों को थानों के चक्कर न लगवाने की हिदायत

अमेठी। थाना समाधान दिवस पर डीएम शशांक चौधरी और एसपी सरवणन टी. ने थाना अमेठी पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक देरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

सिर्फ सुनवाई नहीं, समाधान पर जोर

माह के दूसरे शनिवार को जिले के सभी थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। थाना अमेठी में डीएम और एसपी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिकायतों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनकी गंभीरता से जांच कर स्थायी और न्यायोचित समाधान किया जाए।

भूमि विवादों पर संयुक्त टीम की नजर

डीएम ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद एवं राजस्व से जुड़े मामलों में संयुक्त टीम मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करे। तथ्यों के आधार पर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से थानों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

पुलिस और राजस्व विभाग में समन्वय के निर्देश

एसपी सरवणन टी. ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारी को पुलिस से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा राजस्व विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात गंभीरता से सुनकर निष्पक्ष जांच और न्यायसंगत कार्रवाई की जाए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व, पारिवारिक विवाद और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में इनके निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अमेठी, तहसीलदार, थानाध्यक्ष अमेठी सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।