प्रयागराज। वसुधा फाउंडेशन की स्किल डेवलपमेंट और नारी सशक्तिकरण मुहिम के तहत पीएम श्री जूनियर हाई स्कूल,पालपुर में गरीब बच्चियों के लिए सिलाई और कटाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। केंद्र में सिलाई मशीनों तथा अन्य आवश्यक सामग्री के साथ प्रशिक्षित शिक्षिका की व्यवस्था की गई है।

फाउंडेशन का उद्देश्य गरीब व जरूरतमंद बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे सिलाई-कटाई सीखकर अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सकें और स्वरोजगार से जुड़ सकें। उद्घाटन अवसर पर बच्चियों में उत्साह देखने को मिला।

इसी के साथ वसुधा अंधता निवारण मुहिम के तहत सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक नेत्र शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में अभिभावकों, बच्चों तथा ग्रामीणों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण, दवा वितरण और चश्मा जांच की गई। जिन लोगों में मोतियाबिंद पाया गया, उनके शीघ्र ही प्रयागराज के बेली हॉस्पिटल लाकर लेंस प्रत्यारोपण की व्यवस्था की जाएगी। शिविर की समस्त सुविधाएं पूर्णतया निःशुल्क रहीं।

कार्यक्रम में महासचिव मैथिली सिंह, कोषाध्यक्ष आभारानी श्रीवास्तव और निदेशक उपमा श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा। उपमा श्रीवास्तव, ममता बरनवाल, संरक्षक संगीता अग्रवाल, प्रमिला सिंह, ललिता गुप्ता, आभारानी श्रीवास्तव का आर्थिक सहयोग रहा।

फाउंडेशन ने बताया कि आगे भी इस तरह के प्रशिक्षण केंद्र और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों और महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जोड़ा जा सके।