प्रयागराज में सैन्य अधिकारी बनने की तैयारी, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय में विशेष प्रशिक्षण शुरू
प्रयागराज, 17 नवंबर। भारतीय सेना में कमीशंड अधिकारी बनने के इच्छुक युवाओं को तैयार करने के उद्देश्य से एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, प्रयागराज द्वारा पीएसटीसी हॉल में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 12 से 27 नवंबर 2026 तक चलेगा।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स और गैर-एनसीसी अभ्यर्थियों सहित कुल 16 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) साक्षात्कार और अधिकारी चयन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के अंतर्गत सेना के अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन अतिथि व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें अधिकारी-सुलभ गुण (ऑफिसर लाइक क्वालिटीज), व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद कौशल, मनोवैज्ञानिक परीक्षण, समूह कार्य और व्यक्तिगत साक्षात्कार जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
इन सत्रों का उद्देश्य अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मबोध और टीम के रूप में कार्य करने की क्षमता विकसित करना है। इससे युवाओं को एसएसबी की तैयारी में मजबूती मिलेगी और वे सेना में अधिकारी बनने के अपने लक्ष्य की ओर बेहतर ढंग से आगे बढ़ सकेंगे।