महोबा - हमीरपुर। विधानसभा कप - 2027 के अंतर्गत मंगलवार, 17 नवंबर को पिपरामाफ न्याय पंचायत एवं सिजहरी न्याय पंचायत के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबला खेला गया। मुकाबले में सिजहरी न्याय पंचायत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पिपरामाफ न्याय पंचायत की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 75 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिजहरी न्याय पंचायत की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 6.5 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 77 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए शैलेन्द्र कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं सुनील को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा विशाल को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता शिवशंकर ने कहा कि विधानसभा कप - 2027 का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। महोबा और हमीरपुर को मिलाकर कुल 46 मैदानों पर प्रतियोगिता के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिससे दोनों जनपदों की न्याय पंचायतों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल भावना को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुंदेलखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही मंच और अवसर देने की।