ट्यूबवेल की मोटर चालू करते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप


प्रयागराज थाना क्षेत्र के ददौली गांव में मंगलवार 17 नवंबर को ट्यूबवेल की मोटर चालू करते समय करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव के दिलीप कुमार पुत्र श्रीनाथ पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के मुताबिक, दिलीप कुमार ने सोनेलाल पुत्र समयलाल को अपने ट्यूबवेल पर बुलाया था। आरोप है कि मोटर का तार कटा होने की जानकारी होने के बावजूद दिलीप ने सोनेलाल से मोटर चालू करने को कहा। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। आरोप है कि घटना के करीब आधे घंटे बाद परिवार को इसकी जानकारी दी गई। परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की शादी वर्ष 2022 में खुशबू से हुई थी और उसकी दो वर्षीय बेटी राधा है। युवक की मौत से पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बड़े भाई धर्मराज ने दिलीप कुमार के खिलाफ सोरांव थाने में लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।