मिलक (रामपुर)। जालिफ नगला स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के बाद पांच माह की गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में हलचल मच गई। बरेली में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मिलक स्थित संबंधित अस्पताल पहुंचकर विरोध जताया और उपचार में लापरवाही के आरोप लगाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

पांच साल बाद घर में आने वाली थी खुशियां, मातम में बदली उम्मीदें

नवदिया गांव निवासी महेश की पत्नी विजय लक्ष्मी पांच माह की गर्भवती थीं। परिजनों के मुताबिक, शादी के करीब पांच वर्ष बाद परिवार में बच्चे के आने की उम्मीद जगी थी। 12 नवंबर को अचानक पेट में तेज दर्द होने पर उन्हें जालिफ नगला स्थित ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया। 14 नवंबर को जांच के बाद चिकित्सकों ने गर्भस्थ शिशु की मौत होने की बात कही और ऑपरेशन किया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया।

बरेली में जांच के दौरान संक्रमण और आंत को नुकसान पहुंचने की बात आई सामने

परिजन महिला को बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां भी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो रविवार रात उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का दावा है कि जांच के दौरान चिकित्सकों ने शरीर में संक्रमण फैलने और आंत क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। सोमवार को उपचार के दौरान विजय लक्ष्मी की मौत हो गई।

अस्पताल के बाहर विरोध, सीएमओ ने गठित की चार सदस्यीय टीम

मंगलवार को महिला का शव गांव पहुंचने के बाद परिजन और ग्रामीण संबंधित अस्पताल पहुंच गए। वहां उन्होंने विरोध जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।

मिलक कोतवाल संजय कुमार के अनुसार, इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। दूसरी ओर सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए चार सदस्यीय जांच टीम गठित कर अस्पताल का निरीक्षण कराया है।

पंजीकरण वैध, विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार

मिलक सीएचसी अधीक्षक डॉ. बासित अली ने बताया कि जांच टीम अस्पताल का निरीक्षण कर चुकी है। अस्पताल का पंजीकरण वैध पाए जाने के कारण फिलहाल उसे सीज नहीं किया गया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सीएमओ को भेजी जा रही है। उधर, परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही मंगलवार दोपहर बाद महिला का अंतिम संस्कार कर दिया।

अब पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट अहम मानी जा रही है।