पिपरा हाट परिसर में अचानक लगी आग से मची अफरातफरी, लोगों ने बुझाई आग, दमकल देर से पहुंची तो ग्रामीणों में आक्रोश
पिपरा (सुपौल): पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार स्थित हाट परिसर में शनिवार को अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर हाट परिसर में मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। देखते ही देखते धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि हाट परिसर में स्थापित दुकानों के पीछे कचरे का ढेर जमा था। इसी कचरे में अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने में लग गए। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग किसी दुकान तक नहीं पहुंची, अन्यथा हाट परिसर में बड़ा हादसा हो सकता था और दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। हालांकि, दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना था कि आग जैसी आपात स्थिति में दमकल की त्वरित पहुंच जरूरी है।
आग पर स्थानीय लोगों द्वारा काबू पाए जाने के बाद दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने आग लगी जगह पर पानी का छिड़काव कर आग को पूरी तरह बुझाया। फिलहाल अगलगी में हुए नुकसान का आकलन नहीं किया गया है।
पिपरा हाट परिसर में अचानक लगी आग से मची अफरातफरी, लोगों ने बुझाई आग, दमकल देर से पहुंची तो ग्रामीणों में आक्रोशपिपरा (सुपौल): पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा