सागरपाली और फेफना के बूथों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
फेफना। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को क्षेत्र के सागरपाली और फेफना स्थित विद्यालयों में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान मतदाताओं ने कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवेदन जमा किए। वहीं, निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति और प्राप्त आवेदनों की संख्या को लेकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
सागरपाली स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय सागरपाली नंबर एक पर आयोजित कैंप का उपजिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं मिलने पर बीएलओ और इंचार्ज को फटकार लगाई। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करने तथा मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने की सख्त हिदायत दी।
वहीं, फेफना स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में लगे कैंप का एडीएम अनिल कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त आवेदनों और फार्मों की स्थिति की जानकारी ली। फार्मों की कम संख्या मिलने पर नाराजगी जताते हुए अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने और अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कैंप में प्राप्त आवेदनों के अनुसार फार्म-6 के 33, फार्म-7 के 10 और फार्म-8 के 12 आवेदन जमा हुए। बीएलओ ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र के बूथों पर पहले ही काफी हद तक पुनरीक्षण का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष प्राप्त आवेदनों का निस्तारण जल्द कर दिया जाएगा।
इस दौरान बीएलओ आरती कनौजिया, गीता मिश्रा, तेज प्रताप वर्मा, प्रदीप श्रीवास्तव, आरती चौरसिया, लक्ष्मी वर्मा, विनोद कुमार वर्मा, श्रीभगवान सहित अन्य मौजूद रहे।