प्रतापगढ़। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के अनुपालन में गठित विशेष अभियान के तहत जनपद प्रतापगढ़ स्थित मेसर्स श्यामलाल एण्ड संस के खाद्य प्रतिष्ठान पर संयुक्त खाद्य सचल दल द्वारा छापेमारी की गई। टीम ने आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के भण्डारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कार्रवाई की। दिनांक 27 नवम्बर 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान से संदिग्ध नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला को प्रेषित किए। कार्रवाई में कुल 04 नमूने संकलित किए गए, जिनमें 01 नमूना खोया, 01 पनीर, 01 स्किम्ड मिल्क पाउडर तथा 01 मिश्रित दूध का था।
छापेमारी के दौरान टीम ने लगभग 2880 लीटर मिश्रित दूध जिसकी अनुमानित कीमत 1,72,800 रुपये, लगभग 08 कुन्तल पनीर जिसकी कीमत करीब 02 लाख रुपये तथा लगभग 335 किलोग्राम क्रीम जिसकी कीमत लगभग 59,500 रुपये बताई गई को नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त स्किम्ड मिल्क पाउडर की 65 बोरियां प्रत्येक बोरी में 25 किलोग्राम जिसकी अनुमानित कीमत 5,51,820 रुपये है जब्त किया गया। प्रतिष्ठान पर पाई गई अनियमितताओं के दृष्टिगत संयुक्त खाद्य सचल दल द्वारा लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई, इसके क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-।। अभय कुमार सिंह द्वारा प्रतिष्ठान को बंद कराने के साथ ही उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
इस प्रकार आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उ0प्र0 लखनऊ के आदेश के क्रम में गठित संयुक्त खाद्य सचलदल टीम एवं जनपद प्रतापगढ़ के अधिकारीगण उपस्थित रहे।